चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. मधु रितेश्वर ने शुक्रवार को पीपलखूंट सीएचसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएससी की व्यवस्थाएं देखी और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) स्क्रीनिंग अभियान की जानकारी ली। लेबर रूम, गायनिक वार्ड समेत अस्पताल के कई हिस्सों का निरीक्षण किया सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा ने बताया- डॉ. मधु रितेश्वर ने लेबर रूम, गायनिक वार्ड, वेटिंग रूम और निःशुल्क दवा वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने लेबर रूम में संक्रमण नियंत्रण, साफ-सफाई, उपकरणों की उपलब्धता, एसओपी के अनुरूप नियमित निगरानी के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद सेक्टर बैठक में आशा सहयोगिनियों और एएनएम से चर्चा की। उन्होंने एचआरपी स्क्रीनिंग अभियान की प्रगति की जानकारी ली और जोर दिया कि सभी गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत एएनसी (एंटीनेटल केयर) जांच सुनिश्चित किए बिना हाई रिस्क गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान संभव नहीं है। घर-घर जाकर महिलाओं की जांच और ट्रैकिंग सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा ने बताया- जिले में विशेष एचआरपी स्क्रीनिंग अभियान चल रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य दल घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं की जांच और ट्रैकिंग कर रहे हैं। ड्यू-लिस्ट के अनुसार नियमित टीकाकरण किया जा रहा है। साथ ही, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को आवश्यकता पड़ने पर रेफरल व्यवस्था, उच्च संस्थान तक पहुंचने की प्रक्रिया और सुरक्षित प्रसव के संबंध में परामर्श भी दिया जा रहा है।