राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) में लगातार अव्यवस्थाओं और अस्पतालों में उपचार सुविधाओं की कमी से पेंशनर्स में गहरा आक्रोश है। इसी के विरोध में राजस्थान पेंशनर्स समाज, जिला शाखा डीडवाना-कुचामन, 13 मई को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। राजस्थान पेंशनर्स समाज के जिला प्रवक्ता मनवर अली उसमानी ने बताया कि RGHS योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में पेंशनर्स को समय पर इलाज और दवाइयां नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के इस पड़ाव पर पेंशनर्स को अपनी मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जिससे पूरे प्रदेश में रोष है। उसमानी ने बताया कि इस संबंध में 6 मई को मुख्य सचिव को पत्र भेजकर 11 मई तक व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की गई थी। चेतावनी दी गई थी कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो पेंशनर्स आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी सुधार न होने पर अब जिला स्तर पर प्रदर्शन और ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया है। जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद वैष्णव ने जिले के सभी पेंशनर्स से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम के अनुसार, 13 मई को सुबह 10 बजे सभी पेंशनर्स पुरानी पंचायत समिति के सामने एकत्रित होंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे वाहन रैली के रूप में कलेक्ट्रेट के लिए प्रस्थान करेंगे। सुबह 11 बजे जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद वैष्णव, संरक्षक मुंशी खान और सलाहकार द्वारकाप्रसाद शर्मा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। पेंशनर्स समाज ने चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन सौंपने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।