फलोदी जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए आज आरक्षण लॉटरी निकाली गई। यह लॉटरी जिला परिषद सदस्य, प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए निकाली गई। यहां 9 पंचायत समितियों में से 4 में महिला प्रधान बनेंगी। जिला प्रमुख का पद भी अनारक्षित महिला के लिए रिजर्व किया गया है। फलोदी जिले में पहली बार जिला परिषद के चुनाव होने जा रहे हैं। यहां जिला परिषद में कुल 23 वार्ड हैं। जिले में कुल 9 पंचायत समिति हैं, जिनमें फलोदी, लोहावट, बाप, आऊ, बापिणी, देचू, सेतरावा, घंटियाली और पीलवा शामिल है। पंचायतीराज संस्थाओं में रोटेशन से आरक्षण पंचायतीराज संस्थाओं में आरक्षण रोटेशन से तय होता है। हर बार नए सिरे से आरक्षण की लॉटरी निकाली जाती है। पिछली बार जो वार्ड जिस वर्ग के लिए आरक्षित था, इस बार वो बदल जाएगा। पिछली बार वाला आरक्षण नहीं रहेगा। पिछली बार जो पंचायत समिति या वार्ड आरक्षित था। हो सकता है कि इस बार वह ओपन कैटेगरी में हो जाए। सरपंचों की लॉटरी कल पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों में सरपंचों और वार्ड पंचों के आरक्षण के लिए लॉटरी गुरुवार को एसडीएम कार्यालय में निकाली जाएगी। प्रशासन ने इसकी तैयारियां कर ली हैं। प्रदेश में पहली बार पंचायती राज चुनाव एक साथ करवाए जा रहे हैं। पहले ये लॉटरी 17 और 18 अगस्त को निकाले जानी वाली थी, लेकिन बाद में इसे दो बार स्थगित कर दिया गया। लॉटरी के बाद जल्द ही पंचायती राज चुनाव की घोषणा की जाएगी।