फलोदी पुलिस आज, 20 जुलाई शाम से नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान 'ऑपरेशन उजास' शुरू कर रही है। इसका मकसद फलोदी जिले को नशामुक्त बनाना और युवाओं को नशे की लत से बचाना है। अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ आज शाम 5:30 बजे पुलिस थाना फलोदी के पास पीडब्ल्यूडी के डाक बंगला परिसर में होगा। नुक्कड़ नाटकों से जागरूकता संदेश पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि शुभारंभ कार्यक्रम में जागरूकता संदेशों के साथ प्रेरक नुक्कड़ नाटकों का भी मंचन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देश पर इस अभियान में पुलिस के साथ विभिन्न सरकारी विभाग भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जनजागरण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। हर शनिवार होंगे जागरूकता कार्यक्रम जिला स्तरीय शुभारंभ के बाद हर शनिवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में 'ऑपरेशन उजास' के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस का मानना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून प्रवर्तन से नहीं, बल्कि समाज की जागरूकता और सामूहिक भागीदारी से ही जीती जा सकती है। पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने जिलेवासियों से इस मुहिम में सक्रिय भागीदार बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समाज, परिवार और युवा मिलकर नशे के खिलाफ संकल्प लें, तो जिले को नशामुक्त बनाना संभव है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से भी अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।