पिड़ावा के सुसनेर रोड पर बीती रात सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना पिड़ावा से लगभग 1 किलोमीटर दूर कल्याणपुरा गांव के पास पीलिया खाल की पुलिया पर हुई। सुबह राहगीरों ने पुलिया के नीचे बाइक और व्यक्ति को पड़ा देखा। पुलिया के ऊपर एक अन्य व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। बाइक पुलिया से नीचे गिरी बता दे मध्य प्रदेश के जमुनिया निवासी ईश्वर और उनके साडू, पिपलिया निवासी बालूसिंह, बाइक से पिड़ावा की ओर आ रहे थे। रात में मोड़ पर बनी पुलिया पर सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे बाइक सहित पुल के नीचे खाल में जा गिरे। इस हादसे में बालूसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ईश्वर बदहवास हालत में किसी तरह पुल के ऊपर आकर बैठ गए थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल ईश्वर और मृतक बालूसिंह के शव को पिड़ावा अस्पताल पहुंचाया। पुलिस पर सुरक्षा दीवार नहीं अस्पताल में घायल ईश्वर का उपचार जारी है, जबकि बालूसिंह के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सार्वजनिक निर्माण विभाग ने कुछ वर्ष पूर्व केंद्रीय निधि से करोड़ों रुपए की लागत से सड़क और पुलियाओं का निर्माण कराया था। हालांकि, पुलिया पर सुरक्षा दीवार नहीं बनाई गई। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दूरी पर लगाए गए पिलर की गुणवत्ता भी इतनी खराब थी कि वे कुछ ही दिनों में क्षतिग्रस्त हो गए। इस लापरवाही के कारण यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं, और मोड़ पर पुलिया होने से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।