जयपुर में होटल मैनेजमेंट के स्टूडेंट्स ने शाही ट्रेन में सफर, रासजी मेहमाननवाजी और देश के अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक फुड का स्वाद लिया। शुक्रवार को पूर्णिमा इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (पीआईएचएम) के कैंपस में स्टूडेंट्स ने देश की प्रतिष्ठित लग्जरी ट्रेन ‘महाराजा एक्सप्रेस’ की थीम पर विशेष आयोजन किया। इसके लिए पूरे कैंपस को शाही ट्रेन के अंदाज में सजाया गया। प्रवेश द्वार से लेकर रेस्टोरेंट और डाइनिंग एरिया तक हर जगह महाराजा एक्सप्रेस की झलक दिखाई दी। खास बात यह रही कि मेहमानों को सामान्य प्रवेश के बजाय ट्रेन टिकट के जरिए एंट्री दी गई। गेट पर पारंपरिक शाही परिधान पहने विद्यार्थियों ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया, वहीं टीटीई की भूमिका निभा रहे स्टूडेंट्स मेहमानों के टिकट चेक करते नजर आए। महाराजा एक्सप्रेस के अतिथि रेस्टोरेंट में आयोजित इस स्पेशल थीम लंच में विद्यार्थियों ने महाराजा एक्सप्रेस के रूट में शामिल राज्यों महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली के खानपान को खास अंदाज में प्रस्तुत किया। होटल इंडस्ट्री के कई दिग्गज भी इस कार्यक्रम में पहुंचे। आयोजन का उद्देश्य स्टूडेंट्स किसी बड़े हॉस्पिटैलिटी इवेंट की योजना बनाने, उसे मैनेज करने और मेहमानों को यादगार अनुभव देने का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना था।
यहां देखिए इवेंट के फोटोज…
टिकट से एंट्री, तिलक से स्वागत कार्यक्रम में पहुंचने वाले मेहमानों को सबसे पहले महाराजा एक्सप्रेस की थीम पर तैयार प्रवेश द्वार से गुजरना पड़ा। यहां ट्रेन टिकट के जरिए ही प्रवेश दिया गया। शाही अंदाज में तैयार विद्यार्थियों ने मेहमानों के माथे पर तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद वेलकम ड्रिंक के रूप में ‘पेया-ए-पेरू’ परोसा गया। पूरे आयोजन में इस बात का ध्यान रखा गया कि मेहमानों को कैंपस में कदम रखते ही शाही ट्रेन की यात्रा जैसा अनुभव मिले। कार्यक्रम के दौरान टीटीई की भूमिका निभा रहे विद्यार्थी भी खास आकर्षण रहे। वे बीच-बीच में मेहमानों के पास पहुंचकर टिकट चेक करते और ट्रेन के सफर से जुड़ी घोषणाओं के अंदाज में अनाउंसमेंट करते नजर आए। इससे आयोजन में वास्तविक ट्रेन यात्रा जैसा माहौल बन गया। कैंपस की सजावट, विद्यार्थियों की वेशभूषा, टिकट व्यवस्था और मेहमानों के स्वागत के तरीके ने थीम को पूरी तरह जीवंत कर दिया। छह राज्यों के जायकों से सजा शाही मेन्यू थीम लंच की सबसे खास बात इसका मेन्यू रहा। विद्यार्थियों ने महाराजा एक्सप्रेस के रूट में आने वाले अलग-अलग राज्यों के खानपान को ध्यान में रखते हुए व्यंजनों की विशेष श्रृंखला तैयार की। मेहमानों को एक ही स्थान पर अलग-अलग क्षेत्रों के स्वाद और उनकी पाक परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिला। शुरुआत ‘अंजुमन-ए-जायका’ से हुई, जिसमें जाफरानी माही टिक्का, मुर्ग मलाई टिक्का और रॉयल रेल बाइट जैसे व्यंजन परोसे गए। इसके बाद ‘मयूर महल’ में सलाद की चार वैरायटी के साथ कुल्चा बाइट, वड़ापाव, दही भल्ला और पाइनएप्पल-मिंट रायता पेश किया गया। अलग-अलग स्वाद और बनावट वाले इन व्यंजनों ने मेहमानों को खासा आकर्षित किया। मेन कोर्स में पारंपरिक स्वाद के साथ नए प्रयोग शेफ गजराज सिंह ने कहा कि मुख्य भोजन में विद्यार्थियों ने पारंपरिक भारतीय व्यंजनों के साथ कुछ नए प्रयोग भी किए। मेन कोर्स में मकई शहजादी, कजार-ए-पुख्तान, आलू हरा प्याज, दाल और लखनवी सब्ज बिरयानी को शामिल किया गया। मेथी मटर मलाई के साथ मखाने का संयोजन और पनीर की सब्जी में कद्दू की ग्रेवी का प्रयोग खास आकर्षण रहा। विद्यार्थियों ने व्यंजनों की प्रस्तुति में भी शाही अंदाज का ध्यान रखा। मेन्यू के नाम से लेकर परोसने के तरीके तक में महाराजा एक्सप्रेस की थीम दिखाई दी। अलग-अलग राज्यों के जायकों को एक साथ प्रस्तुत करने के लिए मेन्यू की योजना बनाई गई थी, ताकि मेहमानों को भोजन के जरिए देश की क्षेत्रीय विविधता का अनुभव मिल सके। ‘सफर-ए-मिठास’ में शाही मिठाइयों का स्वाद भोजन के बाद डेजर्ट की श्रृंखला को ‘सफर-ए-मिठास’ नाम दिया गया। इसमें रबड़ी के साथ आगरे का पेठा, शाही टुकड़ा-ए-मेवाड़, महारानी गुलाब गुलकंद खीर और सेफ्रॉन पन्ना कोटा परोसा गया। पारंपरिक मिठाइयों के साथ आधुनिक डेजर्ट का मेल मेहमानों को पसंद आया। पूरे मेन्यू में व्यंजनों के नाम और उनकी प्रस्तुति को थीम के अनुरूप रखा गया था। कार्यक्रम में आईटीसी राजपूताना होटल जयपुर के जनरल मैनेजर दीपेंद्र राणा, एलएंडडी मैनेजर मंदाकिनी शाह और एग्जीक्यूटिव शेफ वैभव महाजन मौजूद रहे। इनके साथ ताज आमेर के एलएंडडी मैनेजर अंशुमान केल्सी और मैरियट की एलएंडडी मैनेजर दीक्षा ने भी शिरकत की। होटल इंडस्ट्री से जुड़े इन विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की तैयारियों की सराहना की और उन्हें हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए जरूरी सुझाव दिए। फाइनल ईयर के विद्यार्थियों ने कई दिनों की तैयारी से दिया अनुभव पीआईएचएम के डायरेक्टर सुनील भार्गव ने बताया कि विद्यार्थियों में उद्यमिता और प्रबंधकीय कौशल विकसित करने के उद्देश्य से इस आयोजन की योजना बनाई गई। होटल मैनेजमेंट के फाइनल ईयर के विद्यार्थियों ने शेफ और फैकल्टी मेंबर्स के मार्गदर्शन में कई दिनों तक इसकी तैयारी की। इसमें मेन्यू तैयार करने, व्यंजनों की गुणवत्ता, कैंपस की सजावट, मेहमानों के स्वागत, टिकट व्यवस्था और पूरे कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी विद्यार्थियों ने संभाली।