हनुमानगढ़ जिले में क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में लगातार तीसरे दिन कार्रवाई करते हुए पीलीबंगा थाना पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लाखों रुपए का सट्टा हिसाब-किताब और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रिंस कुमार (42) निवासी वार्ड नंबर 13 और शिवम कुमार (21) निवासी वार्ड नंबर 10, पीलीबंगा है। लगातार 3 दिनों से हो रही इस कार्रवाई से सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। दुकान के ऊपर चल रहा था ऑनलाइन सट्टा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीलीबंगा थाना के एसआई वीरचंद के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम ने पीलीबंगा में एक दुकान के ऊपर चौबारे में चल रहे ऑनलाइन सट्टा संचालन का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से आरोपी प्रिंस कुमार और शिवम कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 3 मोबाइल फोन और लगभग 5 लाख 50 हजार रुपए का सट्टा हिसाब-किताब बरामद किया गया। लगातार तीसरे दिन कार्रवाई प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगवा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ जुआ-सट्टा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पिछले दो दिनों में टाउन और जंक्शन थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए क्रिकेट सट्टेबाजी में लिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई करने वाली टीम में कॉन्स्टेबल मनीष कुमार, लक्ष्मीनारायण और अजय कुमार शामिल थे।