पिंडवाड़ा के गोगाजी मंदिर प्रांगण में नगर कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश रावल ने की, जबकि जिलाध्यक्ष लीलाराम गरासिया मुख्य अतिथि और ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह देवड़ा मौजूद रहे। बैठक में "कांग्रेस संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ" अभियान का विधिवत आगाज किया गया। जिलाध्यक्ष लीलाराम गरासिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में यह अभियान संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ लोकतंत्र की रक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है। गरासिया ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कमजोर कर रही है। उन्होंने पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनाव लंबे समय से न कराने पर भी विरोध जताया और इसे आवश्यक बताया। पूर्व जिला प्रमुख चंदन सिंह देवड़ा ने नेशनल हाईवे के आसपास 75 मीटर तक निर्माण हटाने के आदेश पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आमजन में फैली दहशत को जल्द दूर करने की मांग की। देवड़ा ने संगठन को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक मजबूत करने का आह्वान भी किया। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अचलसिंह बालिया ने सुझाव दिया कि कांग्रेस को प्रत्येक वार्ड में 22 पदाधिकारियों की मजबूत टीम बनानी चाहिए। उन्होंने सक्रिय और जनाधार वाले कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर जिम्मेदारी सौंपने पर जोर दिया। अन्य वक्ताओं ने भी संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने पर बल दिया। उन्होंने बढ़ती महंगाई, गैस संकट और अन्य जनसमस्याओं को लेकर केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। इस बैठक में पूर्व पार्षद व जिला महासचिव परबत सिंह काबा, मंडल अध्यक्ष झाड़ोली अब्दुल भाई, अनीता कुंवर, इंटक अध्यक्ष रतन सिंह देवड़ा, पूर्व नगर अध्यक्ष दर्जिंग पुरोहित, पूर्व पार्षद संजय गर्ग, सुरेश मेवाड़ा, प्रकाश मीणा, मोहनलाल वाल्मीकि, केसाराम पटेल, रमेश पटेल, अमृत क्लावंत, विक्रम भाटी, प्रशांत डांगी, रणछोड़ सोनी, नगीन सोनी, जनक रावल, जयकिशन खंडेलवाल, छगन टॉक, लालाराम चंदेल, जैसाराम परिहार, जोशना रावल, सोहन मेवाड़ा, दिनेश मेघवाल, रमेश सेन, भबूतमल प्रजापत, मुकेश प्रजापत, दिलीप मालवीय, मोहन मीणा और राजेंद्र मेवाड़ा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।