झालावाड़ के खानपुर उपखंड के पीपल्दा गांव में ग्रामीण लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। गांव से चांदपुरा-चपलाड़ा जाने वाली सड़क करीब 10 साल से खराब है, जबकि पीपल्दा से राजपुरा जाने वाली डामर सड़क भी बारिश में उखड़ने के बाद दोबारा नहीं बनी। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से रास्तों पर पानी फैल जाता है। वहीं, पीने के पानी में फ्लोराइड की समस्या और रोड लाइट के अभाव ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभागों को समस्याओं से अवगत कराने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने सड़क निर्माण, नालियों के निर्माण, शुद्ध पेयजल और रोड लाइट की व्यवस्था करने की मांग की है। 10 साल से सड़क बदहाल, पत्थरों पर फिसल रहे बाइक सवार गांव से चांदपुरा-चपलाड़ा जाने वाली सड़क करीब 10 साल से खराब हालत में है। बारिश के दौरान ग्रेवल वाले रास्तों पर चलना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत ने रास्ते पर छोटे पत्थर डलवाए हैं, लेकिन इससे राहत मिलने के बजाय बाइक सवारों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। रास्ते से गुजरने वाले लोगों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं, पीपल्दा से राजपुरा जाने वाली डामर सड़क भी एक बारिश में उखड़ गई थी। इसके बाद सड़क का दोबारा निर्माण नहीं कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) को कई बार समस्या बताई, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकला। खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल निकासी नहीं, रास्तों पर फैल जाता है पानी गांव में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से पानी की निकासी की समस्या बनी हुई है। पानी रास्तों पर फैलने से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने गांव में नालियों का निर्माण करवाने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि रास्तों पर पानी जमा होने की समस्या से राहत मिल सके। फ्लोराइडयुक्त पानी से परेशानी, कई परिवारों ने लगवाए आरओ ग्रामीणों के अनुसार, गांव में पीने के पानी में फ्लोराइड की समस्या भी है। आर्थिक रूप से संपन्न कई परिवारों ने अपने स्तर पर आरओ लगवाकर पीने के पानी की व्यवस्था कर ली है, लेकिन बड़ी संख्या में ग्रामीण अब भी शुद्ध पेयजल के लिए परेशान हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पेयजल की गुणवत्ता की जांच करवाने और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। रोड लाइट नहीं होने से रात में आवागमन मुश्किल गांव में रोड लाइट की व्यवस्था नहीं होने से रात के समय भी ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। अंधेरे के कारण रास्तों पर चलना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क, जल निकासी और पेयजल के साथ गांव में पर्याप्त रोड लाइट की व्यवस्था भी जरूरी है, ताकि लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। ग्रामीणों ने प्रशासन से की स्थायी समाधान की मांग ग्रामीण महेंद्र मीना, देवेंद्र चौधरी, लोकेश नागर, राजकुमार नागर, रेनू नागर, अर्पित नागर, आयुष नागर, निहाल सिंह धाकड़ और शंकर धाकड़ ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से गांव की समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि खराब सड़कों की मरम्मत और निर्माण, जल निकासी के लिए नालियों की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता और रोड लाइट लगवाने जैसे कार्य प्राथमिकता से करवाए जाने चाहिए।