भरतपुर| भरतपुर में गिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से कथित अवैध वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो में एक सरकारी वाहन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के सामने खड़ा दिखाई दे रहा है। ट्रॉली चालकों ने आरोप लगाया कि रास्ते में पुलिसकर्मियों द्वारा प्रति ट्रॉली 300 से 500 रुपए तक वसूले जाते हैं। उनका कहना है कि बयाना से गंतव्य तक पहुंचने के दौरान अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में कथित रूप से “सेवा शुल्क” देना पड़ता है। पैसे नहीं देने पर वाहन रोककर परेशान किया जाता है। मामले को दैनिक भास्कर द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने और वीडियो वायरल होने के बाद एसपी राजेश कुमार मीणा ने सीओ देहात को जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में चिकसाना थाना क्षेत्र की पीपला चौकी प्रभारी अशोक मीणा को लाइन हाजिर कर दिया गया, जबकि चालक सत्यवीर और हेड कांस्टेबल सुमेर सिंह को निलंबित कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।