राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) ने दो साल से अटकी ग्रामीण बस सेवा के लिए फिर से कवायद शुरू की है। लगातार पांच बार टेंडर फेल होने से इस बार 22 रूटों की जगह सिर्फ एक मार्ग के लिए ऑनलाइन निविदा (टेंडर) निकाली गई है। इसमें उदयपुर डिपो के तहत उदयपुर-फतहनगर (वाया वल्लभनगर) मार्ग पर बस चलाने का निर्णय लिया गया है। इसमें 17 सीटर (मय ड्राइवर) या उससे अधिक क्षमता वाली डीलक्स बस निजी ऑपरेटर के जरिए राजस्व साझेदारी (रेवेन्यू शेयरिंग) मॉडल पर चलेगी। आगार प्रबंधक हेमंत शर्मा ने बताया कि पहले करीब पांच बार टेंडर निकाले गए, लेकिन किसी फर्म ने रुचि नहीं दिखाई। अगर इस बार भी कोई फर्म नहीं आती है, तो रूट बदलकर फिर से निविदा जारी की जाएगी। हालांकि शर्मा ने यह नहीं बताया कि अब तक टेंडर में कोई फर्म शामिल क्यों नहीं हुई? रोजाना 300 किमी का होगा संचालन, 4 फेरे लगेंगे रोडवेज की ओर से जारी टेंडर के अनुसार यह बस डबोक, एयरपोर्ट, करणपुर, वल्लभनगर, कीकावास, रूंडेड़ा, ईंटाली, खेड़ी और बड़गांव होते हुए फतहनगर पहुंचेगी। मार्ग की एक तरफ की दूरी 75 किलोमीटर है। बस रोजाना चार फेरे लगाएगी, जिससे कुल 300 किलोमीटर का संचालन होगा। मार्ग का 22 किलोमीटर हिस्सा राष्ट्रीयकृत मार्ग पर ओवरलैपिंग वाला है। इस रूट पर केवल एक डीलक्स बस चलाने का प्रस्ताव है। यदि यह मॉडल सफल रहता है, तो भविष्य में अन्य ग्रामीण रूटों पर भी इसी व्यवस्था के तहत बसें चलाएंगे। निविदा की प्रक्रिया