प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। पीएम के इस कार्यक्रम का सीकर के जिला स्टेडियम में लाइव टेलीकास्ट (सीधा प्रसारण) किया जाएगा। इसके साथ ही जिला रोजगार उत्सव भी मनाया जाएगा, जिसमें करीब 2500 नवचयनित अभ्यर्थियों को वेलकम किट वितरित की जाएगी। सीकर में होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. आशीष मोदी ने प्रत्येक विभाग को आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपीं। कलेक्टर मोदी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था (सिटिंग अरेंजमेंट), पेयजल, साफ-सफाई, मोबाइल टॉयलेट, चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, निर्बाध बिजली आपूर्ति, बैकअप जनरेटर और इंटरनेट जैसी तमाम आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इस पूरे कार्यक्रम का नोडल विभाग शिक्षा विभाग रहेगा। 6000 लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रोजगार उत्सव में 2500 नवनियुक्त कर्मचारियों के लिए वेलकम किट के काउंटर लगाए जाएंगे। रजिस्ट्रेशन के बाद उन्हें वेलकम किट दी जाएगी, इसमें जूट बैग, CM भजनलाल शर्मा का मैसेज, डायरी, टोपी, बुकलेट व दुपट्टा सहित 7 आइटम होंगे। प्रोग्राम में भीड़ जुटाने के लिए राजीविका, महिला-बाल विकास विभाग, महिला आधिकारिता विभाग, चिकित्सा विभाग, खेल विभाग, शिक्षा विभाग समेत मैन पावर वाले सरकारी विभागाें को कुल 6000 लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। कार्यक्रम में नवनियुक्त कार्मिकों के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में ADM डॉ. राकेश मीणा, ADM सिटी भावना शर्मा, CEO राजपाल यादव, DTO ताराचंद बंजारा समेत कई विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।