डीग ब्लॉक के पीएमश्री शीला जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल बहज में जनगणना 2027 को लेकर एक जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। स्कूल के प्रिंसिपल मुकुट बिहारी शर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में कक्षा 6 से 12 तक के सभी विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने ग्राम पंचायत बहज के पूरे क्षेत्र में घूम-घूम कर लोगों को स्व-जनगणना और मकान जनगणना के बारे में जागरूक किया। विद्यार्थियों ने लोगों को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान "सटीक जनगणना, देश का मान", "हमारी जनगणना हमारी पहचान" और "जनगणना से जनकल्याण" जैसे नारे लगाए गए। प्रिंसिपल मुकुट बिहारी शर्मा ने बताया कि जनगणना 2027 का मुख्य नारा "जनगणना से जन कल्याण" है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना है, जिसका लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करना है। जनगणना सुपरवाइजर प्रहलाद सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने जनगणना के डिजिटलीकरण, स्व-जनगणना और मकान गणना के महत्व पर जोर दिया। इस दौरान आधिकारिक शुभंकर "प्रगति" (महिला प्रगणक) और "विकास" (पुरुष प्रगणक) के बारे में भी जानकारी दी गई, जो डिजिटल और समावेशी जनगणना का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस जागरूकता रैली में वाइस-प्रिंसिपल कुलदीप सिंह, केदार नाथ शर्मा, दीपक कुमार वर्मा, उमा देवी, अजय यादव, आशा कुमारी, रमाकांत सिंघल, संजना, बबली गुप्ता, नंदकिशोर, सत्येंद्रपाल, मदन मोहन, भूपेंद्र, अशीष देशवाल, राजू भारद्वाज, हरिओम शर्मा और भवानी शंकर सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।