सिरोही के पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल में इस शैक्षणिक सत्र में पीएम श्री योजना का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट दिखाई दे रहा है। स्कूल में अब तक 190 बालिकाओं ने नवीन प्रवेश लिया है, जबकि प्रतिदिन बड़ी संख्या में अभिभावक अपनी बेटियों का दाखिला कराने पहुंच रहे हैं। आधुनिक सुविधाओं, नवाचारों, हरित परिसर और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण के कारण स्कूल के प्रति अभिभावकों का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। आधुनिक सुविधाओं से बढ़ा आकर्षण प्रिंसिपल हीरा खत्री और पीएम श्री प्रभारी गोपाल सिंह राव ने बताया कि पीएम श्री योजना के तहत स्कूल में योग एवं क्राफ्ट लैब तथा बाल वाटिका विकसित की गई है। विधायक निधि से लगभग 12 लाख रुपए की लागत से टिन शेड का निर्माण भी पूरा हो चुका है, जिसका लोकार्पण शीघ्र प्रस्तावित है। भवन का सौंदर्यीकरण और हरित परिसर भामाशाहों और विभिन्न राजकीय मदों के सहयोग से प्रिंसिपल कक्ष, संगीत कक्ष और स्टाफ रूम सहित स्कूल भवन का सौंदर्यीकरण किया गया है। वहीं उप प्रिंसिपल देवी लाल के नेतृत्व में परिसर में औषधीय, फलदार, सब्जी एवं छायादार पौधों का रोपण कर स्कूल को हरा-भरा और आकर्षक स्वरूप दिया गया है। शिक्षकों की व्यवस्था से पढ़ाई को मजबूती पीएम श्री योजना के तहत संचालित एलईपी योजना से प्राप्त राशि का उपयोग रिक्त पदों पर व्याख्याता, वरिष्ठ अध्यापक और अन्य कार्मिकों की व्यवस्था के लिए किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम नियमित रूप से पूरा हो रहा है और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार आया है। बढ़ता विश्वास, बढ़ते प्रवेश स्कूल प्रशासन का कहना है कि आधुनिक संसाधनों और बेहतर शिक्षण व्यवस्था के कारण अभिभावकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। यही वजह है कि इस वर्ष प्रवेश संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। स्कूल को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी तथा पीएम श्री योजना के माध्यम से बालिकाओं को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने का उद्देश्य और मजबूत होगा।