डूंगरपुर की धंबोला थाना पुलिस ने 19 साल से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गुजरात के मोडासा से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बच रहा था और अपनी पहचान छिपाकर वहां रह रहा था। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए 'ऑपरेशन शिकंजा' चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थानाधिकारी देवेंद्र देवल के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी के मामलों में वांछित स्थायी वारंटी पोपटलाल (45) निवासी सीमलवाड़ा, गुजरात के मोडासा क्षेत्र में छिपा हुआ है। पोपटलाल धंबोला, चितरी और सागवाड़ा थानों में दर्ज विभिन्न प्रकरणों में पिछले 19 सालों से फरार चल रहा था। आरोपी ने मोडासा में अपनी पहचान बदलकर 'पप्पूभाई' नाम से मजदूरी करना शुरू कर दिया था। पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मोडासा (गुजरात) में दबिश दी। संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाने का प्रयास किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने खुद को पोपटलाल भोई स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।