भास्कर न्यूज | टोंक राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन की ओर से टोंक ब्लॉक के चंदलाई में राज्य सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ "लोकतंत्र बचाओ चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों में हो रही देरी को लेकर आमजन को जागरूक करना था। संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. नरेश मीणा ने कहा कि राज्य सरकार वन स्टेट, वन इलेक्शन के नाम पर पिछले डेढ़ साल से पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव टाल रही है। आरोप है कि हाईकोर्ट के बार-बार निर्देशों के बावजूद चुनाव नहीं कराए जा रहे, इससे संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अभाव में पंचायतों और नगरपालिकाओं को विकास योजनाओं के लिए पर्याप्त राशि नहीं मिल पा रही, जिससे विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। टोंक ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश सांसी ने कहा कि मनरेगा का स्वरूप बदलने से ग्रामीणों के रोजगार के अवसर प्रभावित हुए। संगठन श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा। जिला उपाध्यक्ष लियाकत अली, जिला महासचिव राजेश गुर्जर बमोरा व महेंद्र बैरवा ने भी राज्य सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। इस दौरान कन्हैयालाल बैरवा, चौथमल गुर्जर, कमला देवी सहित संगठन के पदाधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।