शहर को विकास की रफ्तार देने के लिए बनाए गए नेशनल हाइवे अब आमजन के लिए मुसीबत बने हुए हैं। एनएचएआई ने करोड़ों की लागत से हाइवे तो बना दिए, लेकिन उनके रखरखाव और सर्विस रोड को उनके हाल पर लावारिस छोड़ दिया है। भास्कर टीम ने शहर की 16 किमी हाइवे सर्विस रोड का रियलिटी चेक किया, तो तस्वीर पूरी तरह से बिगड़ी हुई सामने आईं। शहर से गुजरने वाले नेशनल हाइवे की सर्विस रोड को आज खुद ही सर्विस की जरूरत है। भास्कर टीम ने सिणधरी चौराहा, चौहटन चौराहा, कृषि मंडी के सामने और जैसलमेर-जोधपुर हाइवे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जब गड्ढों की माप की गई, तो स्थिति पूरी तरह से खराब मिली। शहर के व्यस्ततम इलाकों में औसतन 8 फीट चौड़े और 4 इंच गहरे गड्ढे मिले हैं। ये गड्ढे हर समय हादसे को न्योता देने के लिए काफी है। कृषि मंडी के सामने - कृषि मंडी के सामने चामुंडा सर्किल पर जाने वाली रोड पर क्रॉसिंग के पास दो फीट गहरे गड्ढ़े हो रखे हैं। सड़क से गुजरने वाले वाहन तेज गति से इन गड्ढ़ों में से निकलते हैं और दिन में कई बार वाहन चालकों को तकलीफ उठानी पड़ रही है। इन गड्ढ़ों के कारण बाइक चालक कई बार चोटिल हो चुके हैं। गड्ढों से बचने के लिए बाइक सवार बाइक को लहराते हुए निकालते हैं। सर्विस रोड गड्ढ़ों में समाई - सदर थाने के पास: शहर के सदर पुलिस थाने से चौहटन चौराहा जाने वाली सर्विस रोड पर गड्ढ़ों की भरमार है। सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है, अब सिर्फ कंकरीट और गड्ढ़े ही नजर आते हैं। यह गड्ढे 6 इंच गहरे और 2 फीट चौड़े होने के कारण छोटे वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। दिनभर लोग इन गड्ढ़ों से होकर गुजरते हैं। बीएनसी चौराहा सर्विस रोड - बीएनसी चौराहा जाने वाली सर्विस रोड पर प्रतिदिन सैकड़ों वाहन निकलते हैं। सर्विस रोड पर गड्ढ़ों के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। यहां 4 इंच गहरा और 6 फीट चौड़ा गड्ढा बना हुआ है। “शहर से गुजरने वाले एनएच में बीएनसी चौराहा से सिणधरी चौराहा तक की सर्विस रोड का 15 तारीख तक निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। 16 किमी हाइवे की मेंटेनेंस गारंटी 2027 तक ठेकेदार की है लेकिन सर्विस रोड गारंटी पीरियड में नहीं है। जिसकी मरम्मत का कार्य विभाग द्वारा करवाया जाएगा।” -नरेंद्र चौधरी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई।