प्रतापगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस संयुक्त कार्रवाई में 3 किलो 467 ग्राम अवैध अफीम जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 17 लाख 34 हजार रुपए है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक किशोर को डिटेन किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ बी. आदित्य के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा के मार्गदर्शन में थानाधिकारी कोटड़ी रोहित कुमार और थानाधिकारी देवगढ़ नगजीराम ने अपनी टीमों के साथ मिलकर इस अभियान को अंजाम दिया। तस्करी में प्रयुक्त दो बाइकें भी जब्त की गई हैं। घेरबंंदी में तस्कर को पकड़ा पहली घटना कोटड़ी थाना क्षेत्र की है। 18 अप्रैल को पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी दिवाला जाने वाले कच्चे रास्ते पर संदिग्ध व्यक्ति हाथ में पीली थैली लेकर आता दिखा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान बालुराम बेटा भागीरथ डांगी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 821 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। दूसरी कार्रवाई देवगढ़ थाना पुलिस द्वारा की गई। पुंगातालाब चौकी के पास नाकाबंदी के दौरान बाइक पर सवार दो व्यक्तियों को रोका गया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। एयर फिल्टर बॉक्स में 1 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम छुपाई थी पूछताछ में चालक ने अपना नाम भेरूलाल बताया। मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर पेट्रोल टंकी के नीचे एयर फिल्टर बॉक्स में छिपाई गई 1 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी डिटेन किया गया है और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। सीट के नीचे 1 किलो 546 ग्राम अवैध अफीम बरामद तीसरी घटना भी देवगढ़ थाना क्षेत्र की है, जहां राणपुर फंटा पर नाकाबंदी के दौरान बाइक को रोका गया। चालक पुलिस को देखकर बाइक छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसने अपना नाम दिलीप थोरी बेटा बालुराम थोरी बताया। बाइक की गहन तलाशी लेने पर सीट के नीचे और बैटरी बॉक्स के अंदर बने हिस्से से दो अलग-अलग थैलियों में छिपाकर रखी गई 1 किलो 546 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और वाहन जब्त कर लिया गया। कुल 3 किलो 467 ग्राम अवैध अफीम बरामद इस पूरी संयुक्त कार्रवाई में कुल 3 किलो 467 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। जिला पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे नशे के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध अफीम तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस की सख्ती से नशा माफिया पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है।