पीपलखूंट पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने एक एम्बुलेंस बोलेरो से 46 किलो 390 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और तस्करी में प्रयुक्त एम्बुलेंस को भी जब्त कर लिया गया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई जा रही है। नाकाबंदी कर घेरा थानाधिकारी छबीलाल ने बताया - पीपलखूंट-माही पुलिया रोड पर नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान प्रतापगढ़ की ओर से आ रही एक एम्बुलेंस बोलेरो को रोकने का प्रयास किया गया। ड्राइवर ने नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन बैरिकेड्स लगे होने के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ सका। पुलिस ने एम्बुलेंस को घेरकर रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर चार कट्टों में 46 किलो 390 ग्राम अधकुचला अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही डोडाचूरा और एम्बुलेंस बोलेरो को जब्त कर लिया। 2 को किया गिरफ्तार पुलिस ने एम्बुलेंस ड्राइवर मुबारिक शाह (32) निवासी तलाई मोहल्ला, प्रतापगढ़ और उसके साथी मोहम्मद सलीम (42) निवासी आबकारी रोड, प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ पीपलखूंट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में पीपलखूंट थाना पुलिस, जिला स्पेशल टीम (डीएसटी), साइबर सेल और क्यूआरटी टीम के अधिकारियों व जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।