प्रतापगढ़ की अरनोद थाना पुलिस ने 300 ग्राम एमडी तस्करी मामले में गुजरात के भावनगर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी धार्मिक बेगड भावनगर का ही रहने वाला है। पुलिस जांच में पता चला कि धार्मिक अपने बैंक खाते में पैसे जमा कराने के बदले 10 प्रतिशत कमीशन लेता था। वह खुद के लिए भी एमडी मंगवाता था। 9 अक्टूबर को पकड़ी थी 300 ग्राम एमडी 9 अक्टूबर को रठांजना पुलिस ने खालिद निवासी बागलिया के पास से 300 ग्राम अवैध एमडी और एक बिना नंबर की बाइक जब्त की थी। जांच में सामने आया कि खालिद ने यह एमडी इब्राहिम खान निवासी गादोला को दी थी। इब्राहिम की गिरफ्तारी के बाद उसके पास से धार्मिक बेगड के नाम का एटीएम कार्ड मिला। बैंक रिकॉर्ड से जानकारी मिलने पर पुलिस ने धार्मिक को भावनगर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से संबंधित एटीएम की बैंक पासबुक और दस्तावेज मिले। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपना एटीएम एक साथी के माध्यम से इब्राहिम खान तक पहुंचाया था। पैसे जमा करवाने के बदले में लेता था 10 प्रतिशत कमीशन पुलिस जांच के अनुसार, इस खाते में रुपए जमा करवाने के बदले आरोपी को 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था। आरोपी ने अपने इस्तेमाल के लिए भी एमडी मंगवाने की बात बताई है। पुलिस ने धार्मिक बेगड को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में मादक पदार्थों की आपूर्ति, आर्थिक लेन-देन तथा अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में आगे की जांच जारी है।