प्रतापगढ़ जिले में पेयजल व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने पेयजल स्रोतों का निरीक्षण किया। जिला परिषद सीईओ पर्वत सिंह चुण्डावत ने पंचायत समिति धमोत्तर की ग्राम पंचायत कुलमीपुरा और पंचायत समिति छोटी सादड़ी के सियाखेड़ी, बरोल जागीर तथा भल्ला का खेड़ा गांवों में पेयजल स्रोतों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही, किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। सीईओ ने जल स्रोतों की स्थिति, जल उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला परिषद के अतिरिक्त विकास अधिकारी रमेश चन्द्र खटीक भी मौजूद रहे।