प्रतापगढ़ कलेक्टर शुभम चौधरी ने शुक्रवार को अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा- जिले का सर्वांगीण विकास और सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। शुभम चौधरी उद्यानिकी आयुक्त, जयपुर के पद से ट्रांसफर होकर प्रतापगढ़ पहुंचीं हैं। मिनी सचिवालय पहुंचने पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार पंड्या सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने बुके देकर स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर चौधरी ने अधिकारियों के साथ मिनी सचिवालय का निरीक्षण भी किया। उन्होंने दोहराया कि जिले का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। इसके साथ ही, जिले में निवेश बढ़ाना और विकास योजनाओं के साथ-साथ जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका मुख्य प्रयास होगा।