प्रतापगढ़ जिले में बढ़ते तापमान और संभावित हीटवेव (लू) को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा है। जिला कलेक्टर शुभम चौधरी ने उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. विनोद खांट को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। गर्मी के कारण लू और तापघाट के मामले बढ़ने की आशंका डिप्टी सीएमएचओ डॉ. खांट ने बताया कि गर्मी के कारण लू और तापघात के मामलों में वृद्धि की आशंका है। इसे देखते हुए सभी चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अस्पतालों में वाटर कूलर, पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर सुचारु रूप से चलाने के निर्देश दिए गए हैं। ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए छायादार प्रतीक्षा स्थल और ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। हीट स्ट्रोक के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों और आईवी फ्लूड्स का पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध कराया गया है। आवश्यकतानुसार विशेष बेड/वार्ड भी आरक्षित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने हाई रिस्क क्षेत्रों में अतिरिक्त चिकित्सा टीमें तैनात की हैं और एम्बुलेंस सेवाओं (108-104) को अलर्ट पर रखा है। आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की आमजन के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए डॉ. खांट ने कहा कि लोग दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी और ओआरएस का सेवन करें। धूप में निकलते समय सिर ढककर रखें और हल्के व सूती कपड़े पहनें। अत्यधिक गर्मी के दौरान छायादार स्थान पर विश्राम करें और बच्चों, बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने यह भी सलाह दी कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। खाली पेट घर से बाहर न जाएं और अत्यधिक चाय, कॉफी या मादक पदार्थों के सेवन से बचें। भारी एवं तैलीय भोजन का सेवन न करें और तेज धूप में अधिक शारीरिक श्रम करने से भी बचें। यदि किसी व्यक्ति में चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी, बेहोशी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।