प्रतापगढ़ जिले में पांच दिवसीय विशेष हाई रिस्क प्रेग्नेंसी स्क्रीनिंग अभियान के तहत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। ये सत्र जिलेभर के स्वास्थ्य संस्थानों और उप स्वास्थ्य केंद्रों पर हुए। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई, साथ ही नवजात और बच्चों का नियमित टीकाकरण भी किया गया। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष स्क्रीनिंग और परामर्श भी दिया गया। गर्भवती महिलाओं की कई जांच की अभियान में चिह्नित हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर और मूत्र परीक्षण समेत अन्य जांचें की गई। इसके अलावा, गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को सुरक्षित संस्थागत प्रसव, आपातकालीन रेफरल व्यवस्था, उपलब्ध एम्बुलेंस सेवाओं और उच्च संस्थानों में उपचार संबंधी जानकारी भी दी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा ने झांसड़ी, खड़ियावद, मालवा कॉलोनी और गौतम नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने चिह्नित गर्भवती महिलाओं और टीकाकरण के लिए आए शिशुओं की जानकारी ली। इसी प्रकार, जिले के सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और चिकित्सा अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण कर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लिया। गर्भवती महिलाओं की जांच का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा डॉ. जीवराज मीणा ने बताया- आशा सहयोगिनी, एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के माध्यम से प्रत्येक गर्भवती महिला की प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। सभी जानकारियां समय पर पीसीटीएस पोर्टल पर दर्ज की जा रही हैं। प्रत्येक गर्भवती महिला का गर्भधारण के प्रथम 12 सप्ताह के भीतर पंजीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान कर उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।