प्रतापगढ़ में जिला अभिभाषक संघ ने 9 मई को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का बहिष्कार करने की घोषणा की है। संघ ने न्यायिक व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। वकीलों ने जिला एवं सेशन न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आगामी लोक अदालतों का भी बहिष्कार किया जाएगा। कोर्ट परिसर में किया प्रदर्शन अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने कई प्रमुख मांगें उठाईं, जिनमें अलग बार कक्ष का निर्माण, मुंशी और विधि के विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड लागू करना, न्यायालय परिसर में कैंटीन की स्थापना और अधिवक्ताओं के वाहनों के लिए अलग पार्किंग शेड बनाना शामिल है। बोले-सुविधाओं के अभाव में हो रही परेशानी जिला अभिभाषक संघ के सचिव सचिन पटवा ने बताया कि अधिवक्ताओं की इन समस्याओं के बारे में प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को पहले भी कई बार अवगत कराया जा चुका है। हालांकि, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सुविधाओं के अभाव के कारण अधिवक्ताओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगे।