युवती से कथित छेड़छाड़ के मामले को लेकर सोमवार को सर्व समाज के लोगों ने जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर बृजेश पांडे और एएसपी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है। पीड़िता और उसके परिवार को असुरक्षा महसूस हो रही है। सर्व समाज ने पीड़िता और उसके परिजनों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर उसे कड़ी सजा दिलाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही आवारागर्दी, नशे के कारोबार, तेज रफ्तार दोपहिया वाहनों से स्टंटबाजी और चोरी जैसी घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने प्रशासन से ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और गांव में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।