प्रतापगढ़ पुलिस ने मनोहरगढ़ गांव में हत्या के एक मामले में वांछित अभियुक्त रामलाल मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। रामलाल मीणा जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल था। मामला 3 मई 2026 को देवगढ़ निवासी भेरुलाल मीणा ने दर्ज कराया था। जान से मारने की नीयत से किया था हमला रिपोर्ट के अनुसार, 2 मई 2026 को भेरुलाल अपने दोस्तों आनंद मीणा और दिलीप मीणा के साथ बाइक से मनोहरगढ़ गए थे। वहां रामा मीणा और उसके परिजनों ने दिलीप मीणा को जान से मारने की नियत से लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। इलाज के दौरान महाराणा भूपाल चिकित्सालय उदयपुर में घायल दिलीप पिता सांवारिया मीणा की मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थाना स्तर पर अलग-अलग टीमें गठित की गईं और वांछित आरोपियों की तलाश शुरू की गई। बांसवाड़ा से मोबाइल फोरेंसिक टीम बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस को देखकर पेड़ पर चढ़ा आरोप पुलिस टीम को सूचना मिली कि वांछित आरोपी रामलाल (26) गांव के पास जंगल में छिपा हुआ है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मनोहरगढ़ के आसपास के जंगल में तलाशी अभियान चलाया। आरोपी रामलाल जंगल से निकलकर पुलिस को देखकर भागने लगा। वह जाम्बुखेड़ा गांव, कोटड़ी थाना सर्किल में करीब 60 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़कर छिप गया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी को समझा-बुझाकर नीचे उतारा और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।