प्रतापगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो 220 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। जब्त किए गए डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जौधा और पुलिस उप अधीक्षक गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में की गई। प्रतापगढ़ थानाधिकारी शंभुसिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ टीम ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी के दौरान यह सफलता हासिल की। सूचना के आधार पर अरनोद रोड पर की गई नाकाबंदी पुलिस के अनुसार यह घटना 8 अप्रैल 2026 की है। उस समय थानाधिकारी शंभु सिंह अपनी टीम के साथ अरनोद रोड स्थित पुलिया के पास नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान एएनटीएफ के कांस्टेबल गोपाल (बेल्ट नंबर 216) ने सूचना दी कि अरनोद की ओर से दो व्यक्ति काले रंग की बिना नंबर वाली स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर आ रहे हैं। सूचना में बताया गया कि मोटरसाइकिल के बीच में एक पीले रंग का कट्टा रखा हुआ है, जिसमें संदिग्ध वस्तु होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई और संदिग्ध वाहन को रोकने के लिए तैयार हो गई। मोटरसाइकिल रोकते ही युवक भागा जैसे ही संदिग्ध मोटरसाइकिल को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, चालक वाहन रोककर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर भाग गया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। हालांकि, मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम ईश्वर पुत्र वेस्तालाल मीणा (19 वर्ष), निवासी जिरावता, थाना कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़ बताया। कट्टे की तलाशी में मिला 10 किलो 220 ग्राम डोडाचूरा पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल पर रखे पीले रंग के कट्टे की तलाशी ली। जांच के दौरान उसमें 10 किलो 220 ग्राम अवैध डोडाचूरा पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही डोडाचूरा और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी ईश्वर मीणा को गिरफ्तार कर प्रतापगढ़ थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में फरार आरोपी की तलाश भी की जा रही है।