प्रतापगढ़ पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने 57 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्विफ्ट कार भी जब्त की है। बरामद एमडी की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.71 लाख रुपए बताई गई है। थानाधिकारी शंभुसिंह के नेतृत्व में थाना प्रतापगढ़ पुलिस और डीएसटी टीम अमलावद-बगवास चौराहे के पास बाईपास रोड पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान बांसवाड़ा की ओर से बिना नंबर की एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन कार में सवार दोनों युवक वाहन छोड़कर मौके से भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में 57 ग्राम अवैध एमडी बरामद पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान गणेश पुत्र भैरू गिरी गोस्वामी (29), निवासी बोहेड़ा, थाना बड़ीसादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़ तथा आकाश पुत्र राजाराम राव (27), निवासी कच्ची बस्ती बगवास, थाना प्रतापगढ़ के रूप में बताई। पुलिस को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गणेश गोस्वामी के पास काले रंग की पॉलीथीन में रखी 57 ग्राम अवैध एमडी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रतापगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद एमडी कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।