प्रतापगढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में दो साल से फरार वांछित अभियुक्त कमल उर्फ कमलेश पाटीदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमल उर्फ कमलेश को उसके साथी दिनेश उर्फ कालू फींच की गिरफ्तारी के बाद से ही तलाश कर रही थी। यह मामला धमोतर थाने में दर्ज किया गया था, जब मुंशी मोहम्मद उनि. थानाधिकारी धमोतर ने एक आईसर ट्रक कंटेनर से 30 क्विंटल 41 किलो 100 ग्राम अफीम का अधकुचला डोडाचूरा जब्त किया था। यह ट्रक सुमेरराम पुत्र देवाराम विश्नोई, निवासी चिरडाणी, थाना पीपाड़ सिटी, जिला जोधपुर का था। कमल उर्फ कमलेश इस डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त में संलिप्त था और लगभग दो साल से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने गहनता से पड़ताल करते हुए उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।