प्रतापगढ़ में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए गए सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान का मंगलवार को समापन हो गया। 1 जून से 30 जून तक चले इस अभियान का समापन एक वाहन रैली के साथ किया गया। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। समापन अवसर पर जिला कलेक्टर शुभम चौधरी और एसपी बी. आदित्य ने कलेक्ट्रेट परिसर से वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और राजकीय कॉलेज के ऑडिटोरियम में समाप्त हुई। अलग-अलग जागरूकता कार्यक्रम हुए यातायात विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान पूरे माह प्रतिदिन अलग-अलग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वाहन रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। रैली में यातायात थाना प्रभारी ईश्वरलाल मीणा, टेंपो यूनियन के सदस्य, कालिका पेट्रोलियम के प्रतिनिधि, यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए। यातायात विभाग के अधिकारी ईश्वरलाल मीणा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना था, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।