प्रतापगढ़: राज्य सरकार ने प्रदेश के श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने और आम नागरिकों को आसानी से श्रमिक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग के माध्यम से 'श्रम सेतु' और 'लेबर चौक' एप की शुरुआत की है। श्रम विभाग के निर्देशों के तहत, श्रम निरीक्षक गोपाल मीणा के कुशल निर्देशन में एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का लक्ष्य श्रमिकों को इन मोबाइल एप्लीकेशंस पर पंजीकरण कराने और उनके फायदों के बारे में जागरूक करना है। श्रम निरीक्षक गोपाल मीणा ने बताया कि इन दोनों मोबाइल एप्स का मुख्य उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, दैनिक वेतन भोगी मजदूरों और कारीगरों को सीधे रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। इससे श्रमिकों को कार्यालय या ई-मित्र के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इन एप्स के माध्यम से श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाएगा। उन्हें सीधा रोजगार, सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ, उचित मजदूरी की गारंटी और कौशल विकास के अवसर जैसे प्रमुख फायदे मिलेंगे।