प्रतापगढ़ जिले के धरियावद में मंगलवार दोपहर ट्रैक्टर पुलिया से नीचे पानी में गिर गया। हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई। अचानक सामने आई बकरियों को बचाने के दौरान नियंत्रण खोने से ये हादसा हुआ। घटना दोपहर दासगुड़ा और कल्याणपुर के बीच सुकली नदी की पुलिया पर दोपहर 1:30 बजे हुई। बकरियों को बचाने के दौरान नियंत्रण खोया धरियावद थाना अधिकारी हजारीलाल ने बताया- दासगुड़ा निवासी लक्ष्मण मीणा अपने 12 साल के भतीजे रामलाल के साथ धरियावद से खेत में बीज डालने की मशीन लेकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सुकली नदी की पुलिया पर अचानक ट्रैक्टर के सामने बकरियां आ गई। बकरियों को बचाने के दौरान लक्ष्मण का ट्रैक्टर से नियंत्रण हट गया और ट्रैक्टर नदी में जा गिरा। ट्रैक्टर सीधा कर शवों को बाहर निकाला वहां से गुजर रहे राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर को सीधा करवाकर दोनों शवों को बाहर निकाला। दोनों को धरियावद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया है। मामला दर्ज कर हादसे की जांच की जा रही है। धरियावद विधायक थावरचंद डामोर भी घटनास्थल और धरियावद अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। भतीजे ने चाचा को कहा-मैं भी साथ में घूमकर आऊंगा भोजपुर सरपंच कालूराम मीणा ने बताया-लक्ष्मण सुबह 9 बजे परिवार के लोगों को कहकर निकला था कि मैं खेत में बीज डालने की मशीन ठीक करवाने धरियावद जा रहूं। इसी दौरान चचेरे भाई के बेटे ने कहा कि चाचा मैं भी आपके साथ घूम कर आऊंगा। लक्ष्मण के पिता का देहांत हो चुका है। तीन भाईयों में वह सबसे बड़ा था। लक्ष्मण के तीन बेटियां और 4 महीने का बेटा है। रामलाल के एक बड़ा भाई और है। रामलाल ने इस वर्ष आठवीं क्लास पास की थी। उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं।