प्रतापगढ़ में बस स्टैंड परिसर स्थित एक निजी ट्रेवल्स के ऑफिस से गेहूं का कट्टा चुराते हुए एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस उसे कोतवाली थाने ले गई। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब इस मामले में युवक के अन्य साथियों की तलाश कर रही है। ट्रेवल्स के बुकिंग इंचार्ज लक्ष्मण कुमार ने बताया कि यह घटना शहर के बस स्टैंड के पास हुई। जोधपुर मजदूरी के लिए जा रही एक महिला ने अपना गेहूं का कट्टा ट्रेवल्स ऑफिस में रखा था। इसी दौरान, एक युवक ने महिला का ध्यान भटकते ही कट्टा उठाया और अपने दो साथियों के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। महिला को जब कट्टा गायब होने का पता चला, तो उसने ऑफिस में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में युवक अपने साथियों के साथ बाइक पर कट्टा ले जाते हुए दिखाई दिया। चोरी करने वाले युवक को सीसीटीवी लगे होने का अंदाजा नहीं था। कुछ देर बाद वह वापस उसी जगह आया और वहां रखे पानी के इंजन के कुछ पार्ट्स चुराने लगा। इस बार लोगों ने उसे पहचान लिया और पकड़कर बिठा लिया सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है और उसके फरार साथियों की तलाश में जुटी है।