भीलवाड़ा | नौगांवा स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में कजली सप्तमी और इसके बाद के दिनों में होने वाले पाटोत्सव तथा अन्नकूट महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंदिर ट्रस्ट के संरक्षक डीपी अग्रवाल और सचिव कैलाश डाड के अनुसार, मंदिर स्थापना एवं पाटोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर प्रांगण में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। पाटोत्सव पर वेदोक्त मंत्रोच्चार के बीच भगवान सांवरिया सेठ का महाभिषेक किया जाएगा और भक्तों के लिए अलौकिक शृंगार दर्शन के प्रबंध रहेंगे। ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि उत्सव के दिनों में प्रतिदिन विशेष महाआरती का आयोजन होगा। सहमंत्री श्रवण सेन के अनुसार, श्रद्धालुओं की संभावित बड़ी संख्या को देखते हुए दूर-दराज से आने वाले भक्तों के लिए सुगम दर्शन की विशेष व्यवस्था की जाएगी। दशम दिवस पर श्रद्धालु अपने-अपने घरों से विभिन्न प्रकार के व्यंजन और मिष्ठान लाकर छप्पन भोग के रूप में अर्पित करेंगे। अन्नकूट महोत्सव के अंतर्गत दशहरी पर बैलों की विशेष सजावट की जाएगी तथा क्षेत्र के ग्वाल-बालों का सम्मान किया जाएगा। मंदिर में अन्नकूट महाप्रसाद के रूप में चौला-चावल का आयोजन भी रखा गया है।