बालोतरा | भारतीय किसान संघ, जिला बालोतरा की बैठक बुधवार को जिला प्रभारी जीवाराम चौधरी, प्रदेश मंत्री क्षेत्र दलाराम चौधरी तथा जिलाध्यक्ष जुहाराराम चौधरी के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में यूआईटी की ओर से 20 किमी. परिधि में आने वाली खातेदारी जमीन को भू-परिवर्तन कर आबादी घोषित करने संबंधी प्रस्तावित कार्रवाई का विरोध किया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यूआईटी की ओर से की जा रही यह कार्रवाई किसानों के हितों के विपरीत है तथा इसे तत्काल प्रभाव से रोका जाना चाहिए। संगठन ने मांग की कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों एवं आदेशों की पालना सुनिश्चित की जाए और किसानों के अधिकारों की रक्षा की जाए। भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से आग्रह किया कि नगर परिषद क्षेत्र की सरकारी भूमि होने पर भी किसानों की खातेदारी भूमि पर किसी प्रकार की अनुचित कार्रवाई नहीं की जाए तथा किसानों को विश्वास में लेकर ही आगे की प्रक्रिया अपनाई जाए। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति पर भी चर्चा की गई।