बीकानेर वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय की ओर से होने वाली पीटीईटी-2026 परीक्षा में अभ्यर्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब स्नातक अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थी भी काउंसिलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। मुख्य समन्वयक एवं कुलगुरु प्रो.बीएल वर्मा ने बताया कि वर्तमान में राजस्थान के विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत स्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है। ऐसे में बीएड करने के इच्छुक कई अभ्यर्थी काउंसिलिंग प्रक्रिया से वंचित रह जाते थे। पांचवें सेमेस्टर में उत्तीर्ण तथा अंतिम सेमेस्टर के परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थी भी अब 2 वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में आयोजित काउंसिलिंग में भाग लेने के पात्र होंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि तक स्नातक अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। 72 हजार से अधिक आवेदन, छात्राओं का दबदबा परीक्षा के लिए अब तक 72,380 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 45 हजार से अधिक छात्राएं हैं। कुल आवेदकों में से केवल 25 प्रतिशत (18,507) अभ्यर्थी ही ऐसे हैं जो वर्तमान में स्नातक अंतिम वर्ष में हैं। वहीं, 10 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने अंग्रेजी माध्यम में प्रश्न पत्र की मांग की है। बचेगा एक कीमती साल समिति सदस्य डॉ. संदीप हुड्डा के अनुसार, इस निर्णय से छात्रों का एक वर्ष बचेगा और वे भविष्य में ‘रीट’ भर्ती के लिए पात्र हो सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 20 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं।