भास्कर न्यूज | बाड़मेर समान नागरिक संहिता लागू करने के संबंध में राजस्थान समान नागरिक संहिता-2026 प्रारूप समिति की सदस्या डॉ. शुची चौहान की अध्यक्षता में बाड़मेर जिले की जन सुनवाई सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी। जोधपुर संभागीय आयुक्त के.एल स्वामी समन्वयक के तौर पर मौजूद रहेंगे। संयुक्त शासन सचिव अंजली राजोरिया गृह विभाग के प्रतिनिधि के तौर पर उपस्थित रहेंगी। बाड़मेर जिला मुख्यालय के अटल सेवा केंद्र में वीसी के जरिए जन प्रतिनिधि, संगठनों के सदस्य, आम नागरिक सुझाव दे सकेंगे। एडीएम रवीन्द्र कुमार ने बताया कि जोधपुर संभाग की जन सुनवाई मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर जोधपुर में सुबह 10.30 से दोपहर 12.30 बजे तक होगी। दोपहर 3.30 से शाम 5 बजे तक भी जन सुनवाई होगी। इसी समय बाड़मेर जिला मुख्यालय के अटल सेवा केंद्र में भी सुबह 10.30 से दोपहर 12.30 बजे तक निर्वाचित जन प्रतिनिधि, सभी धर्मों के प्रतिनिधि, सामाजिक विज्ञान, विधि पृष्ठभूमि वाले शिक्षाविद, विधिवेता, सामाजिक क्षेत्र में काम कर रहे गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि, चुनाव आयोग से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सुझाव दे सकेंगे। उन्होंने बताया कि कलेक्टर चिन्यमी गोपाल ने कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक सुरेन्द्र प्रतापसिंह भाटी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। अतिरिक्त विकास अधिकारी ओंकारदान को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।