हनुमानगढ़ के संगरिया थाना क्षेत्र में ऑटो ड्राइवर से मारपीट कर लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने ड्राइवर को बंधक बनाकर उससे नकदी, मोबाइल और ऑटो लूटा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदास सिंह (28), विजय (26) निवासी संगराणा, मुक्तसर, सन्नी (28) निवासी मुक्तसर और मनप्रीत सिंह (19) निवासी चौंतरा, मुक्तसर के तौर पर हुई है। इन सभी को केंद्रीय कारागृह बीकानेर से प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया गया है। मामले की रिपोर्ट 16 अप्रैल को सुरेशिया निवासी पृथ्वीराम ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 15 अप्रैल की रात को वह हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान चार युवक उनके पास आए और धौलीपाल जाने के लिए ऑटो किराए पर लिया। रास्ते में आरोपियों ने उन्हें सिंहपुरा की ओर चलने को कहा। परिवादी के अनुसार, इंद्रपुरा रोही नहर के पास पहुंचने पर आरोपियों ने ऑटो रुकवाया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें नहर किनारे ले जाकर एक पेड़ से बांध दिया। आरोपियों ने उनकी जेब से 1500 रुपए नकद और मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ऑटो लेकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मानव खुफिया सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों का सुराग लगाया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। इस कार्रवाई में एसआई केशव शर्मा, एएसआई देवेंद्र कुमार, कांस्टेबल संजय कुमार और मनदीप सिंह शामिल रहे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर लूट की अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।