सवाई माधोपुर जिले के रवाजना डूंगर थाना क्षेत्र में ट्यूबवेल केबल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चोर खेत-खलिहानों में लगे ट्यूबवेलों को निशाना बना रहे हैं। गुरुवार रात रवाजंना चौड़ गांव में एक खेत में लगी ट्यूबवेल की बिजली केबल काटकर चोर ले गए, जबकि मोटर को कुएं में डालकर ऊपर से पत्थर भर दिए गए। ग्रामीण विनोद शर्मा ने बताया - रात के अंधेरे में चोरों ने पहले ट्यूबवेल की केबल काटी और उसे खोलकर अपने साथ ले गए। इसके बाद पानी की मोटर को ट्यूबवेल में डाल दिया और ऊपर से पत्थर भर दिए, जिससे ट्यूबवेल भी क्षतिग्रस्त हो गया। सुबह खेत पर पहुंचने पर पीड़ित को घटना का पता चला, जहां कटे हुए तार और सामान बिखरा मिला। ग्रामीणों के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भी इसी क्षेत्र में दो ट्यूबवेल से केबल चोरी हुई थी, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। क्षेत्र में अब तक दर्जनों केबल चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से चोरों की गिरफ्तारी और गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीण विनोद शर्मा ने बताया कि चोर 10 से 15 हजार रुपए की केबल के लिए किसानों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। केबल चोरी के बाद मोटर को कुएं में डालने और पत्थर भरने से 35 से 40 हजार रुपए की मोटर खराब हो जाती है, जबकि ट्यूबवेल को नुकसान होने पर एक से डेढ़ लाख रुपये तक की लागत से बना सिस्टम भी बर्बाद हो जाता है। मोटर निकालना भी बेहद मुश्किल हो जाता है। इनपुट- रामसिंह गुर्जर, रवाजंना चौड़।