हनुमानगढ़ शहर और आसपास के कई क्षेत्रों में रविवार को लगभग आठ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) ने रखरखाव कार्य के चलते राधा स्वामी जीएसएस टाउन से निकलने वाले 11 केवी फैक्ट्री फीडर नंबर-3 की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है। विभाग के अनुसार, रविवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक रखरखाव और तकनीकी सुधार कार्य किया जाएगा। इस दौरान फीडर से जुड़े शहरी, ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी। जेईएन जयपाल सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में बढ़ते लोड को देखते हुए बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह रखरखाव कार्य आवश्यक है। फीडर पर लाइन मरम्मत, उपकरणों की जांच और अन्य तकनीकी सुधार किए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को भविष्य में बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके। बिजली कटौती से नंदराम की ढाणी, गुरुसर चौराहा, टोल टैक्स क्षेत्र, रावतसर रोड, 12 एचएमएच, 10 एचएमएच, करतारपुर कॉलोनी, माता किताब कौर आईटीआई और मां करणी नगर के आसपास का पूरा क्षेत्र प्रभावित होगा। इसके अतिरिक्त, फीडर से जुड़े फैक्ट्री एरिया में भी विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी, जिससे औद्योगिक इकाइयों का कामकाज प्रभावित हो सकता है। विभाग ने संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान अपने आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और बिजली उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें। लंबी बिजली कटौती से पेयजल आपूर्ति और घरेलू कार्यों पर भी असर पड़ने की आशंका है।