बांसवाड़ा| पुलिस ने एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत शनिवार को जिलेभर के सभी थाना क्षेत्रों में 60 पुलिस टीमों के 301 पुलिसकर्मियों ने 424 चिन्हित स्थानों पर एक साथ दबिश देकर 244 आरोपियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 20 प्रकरण दर्ज किए गए। दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन वांछित आरोपियों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने 161 लीटर अवैध देशी हथकड़ शराब जब्त की तथा 58 अवैध भट्टियां ध्वस्त कर करीब 7,730 लीटर महुआ वॉश नष्ट किया। थाना कुशलगढ़ पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा स्थायी वारंट, उद्घोषित अपराधी व बीएनएसएस की धारा 335 के तहत पांच, एनआई एक्ट के तहत छह, गिरफ्तारी वारंट में 18 तथा विभिन्न मामलों में 16 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। थाना खमेरा पुलिस ने कुर्की वारंट की कार्रवाई करते हुए एक आरोपी से 44 हजार रुपए वसूल कर न्यायालय में जमा कराए। पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई के तहत 195 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान 98 हिस्ट्रीशीटरों की जांच की गई तथा विभिन्न अपराधों में लिप्त 93 अपराधियों से पूछताछ भी की गई।