चूरू | ट्रेन यात्रा के लिए ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। आईआरसीटीसी अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन शुरू करने जा रहा है। इसके बाद टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज, आसान और स्मार्ट हो जाएगी। इसके साथ ही रेलवे लगभग चार दशक पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम को भी एडवांस बना रहा है, जिससे पूरी बुकिंग व्यवस्था अधिक सक्षम, तेज और विश्वसनीय बनेगी। नई वेबसाइट के विकास में यात्रियों के सुझावों को भी शामिल किया है। हाल ही में आईआरसीटीसी और सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स क्रिस के अधिकारियों ने जयपुर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के विद्यार्थियों को बीटा वर्जन दिखाकर उनके सुझाव लिए। जानकारी के अनुसार इस नई वेबसाइट में यात्रियों की सुविधा को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स को हटाया गया है। सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी। टिकट बुकिंग के चरण कम होने से पूरी प्रक्रिया कम समय में पूरी हो सकेगी। एक बार दर्ज किए गए यात्री विवरण सुरक्षित रहेंगे, जिससे अगली बार टिकट बुक करना और आसान होगा। इंटरफेस लगभग विज्ञापन-मुक्त रहेगा।