जिले में बारिश थमे 12 दिन से अधिक समय हो चुका है, जिससे खरीफ फसलों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ने लगी है। शुरुआती बारिश के बाद बुवाई कर चुके किसानों की मक्का सहित अन्य फसलें बढ़वार के दौर में हैं, लेकिन समय पर बारिश नहीं होने से खेतों में नमी कम होती जा रही है। जिन किसानों के पास कुएं, ट्यूबवेल और अन्य सिंचाई साधन हैं, वे हल्की सिंचाई कर फसल बचाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि अन्य किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो फसलों की बढ़वार और उत्पादन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बढ़ती उमस भी लोगों को परेशान कर रही है। 20 से 22 जुलाई के बीच जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 32 और न्यूनतम 24 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जिन किसानों की फसल अंकुरित हो चुकी है, वे खेतों में नमी बनाए रखने के लिए आवश्यकता अनुसार हल्की सिंचाई करें और निराई-गुड़ाई कर खरपतवार नियंत्रण करें। जिन किसानों ने अभी तक बुवाई नहीं की है, वे अच्छी और लगातार बारिश का इंतजार करें तथा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार ही कृषि कार्यों की योजना बनाएं। डॉ. जगदीश चौधरी, एमपीयू​टी