सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। अजमेर रीजन का कुल परिणाम 86.78 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष के 90.40 प्रतिशत के मुकाबले कम दर्ज किया गया है। डीडवाना जिले में कोमल कुरी ने कॉमर्स में 97.20% अंक अर्जित किए। सीबीएसई के अनुसार, इस वर्ष राजस्थान में 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 88,118 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें 50,354 छात्र और 37,564 छात्राएं शामिल थीं। परीक्षा परिणाम में 42,427 छात्र और 34,042 छात्राएं सफल हुई हैं। छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए छात्रों को पीछे छोड़ दिया। छात्राओं का पास प्रतिशत 90.14 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 84.26 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं, अजमेर रीजन से अलग हुआ गुजरात इस बार सातवें स्थान पर रहा। इससे पहले 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम में भी राजस्थान, गुजरात से पीछे रहा था। इस वर्ष पहली बार ऐसा हुआ है जब सीबीएसई ने 12वीं का परिणाम 10वीं के परिणाम के बाद जारी किया। सीबीएसई ने 10वीं बोर्ड का रिजल्ट 15 अप्रैल को जारी किया था। बोर्ड की ओर से इस बार ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली अपनाई गई और परीक्षा परिणाम 52 दिनों में जारी कर दिया गया। पिछले वर्ष बोर्ड ने 49 दिनों में रिजल्ट जारी किया था।