जल जीवन मिशन से जुड़े घोटाले में राजस्थान एसीबी की ओर से गिरफ्तार किए गए आरोपी पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल से पूछताछ जारी है । एसीबी की ओर से शुक्रवार को आरोपी सुबोध अग्रवाल को कोर्ट में पेश किया जाएगा । दोपहर 12 बजे के बाद अनुसंधान अधिकारी महावीर शर्मा जेजेएम घोटाले में आरोपी सुबोध अग्रवाल को एसीबी कोर्ट संख्या 1 में पेश करेंगे। एसीबी कोर्ट से सुबोध अग्रवाल की 5 दिवसीय पुलिस रिमांड की मांग करेंगी। एसीबी डीआईजी डॉक्टर रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में जांच हो रही है। एसीबी की ओर से जल जीवन मिशन टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी और पद के दुरुपयोग से जुड़े मामले में एसीबी अधिकारी अब तक की जांच में सामने आए तथ्यों के संबंध में पूछताछ करेंगे । एसीबी अधिकारियों ने गुरुवार को नई दिल्ली से पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल को हिरासत में लिया था । जयपुर लाकर उनकी गिरफ्तारी की गई थी । पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी और पद के दुरुपयोग के आरोप है । साथ ही फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर टेंडर जारी कर शर्तों में हेरफेर कर 50 करोड़ रुपए तक के प्रोजेक्ट्स मंजूर करने के भी आरोप है । इस मामले में एसीबी की ओर से पहले ही 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं। फरार आरोपियों के खिलाफ स्टैंडिंग वारंट जारी कर संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। बता दें कि जेजेएम घोटाले में फरार चल रहे रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल को पकड़ने के लिए एसीबी ने 51 दिन में 18 टीमों के जरिए 260 ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वे लगातार गिरफ्त से बाहर रहे। इस दौरान उसने 10 से ज्यादा ठिकाने बदले। आखिरकार जब एसीबी ने कोर्ट में संदिग्ध संपत्तियों की सूची पेश कर स्थायी वारंट जारी करवाए और कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित किया, तो दूसरे ही दिन वह सामने आ गया। अब उसकी संपत्तियों के कुर्क होने का खतरा भी सामने है। एसीबी की कार्रवाई के तहत रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल, एसई मुकेश गोयल, जितेन्द्र शर्मा और निजी व्यक्ति संजीव गुप्ता को भगोड़ा घोषित किया गया था। कोर्ट के आदेश के बाद इन सभी की संदिग्ध संपत्तियों को चिह्नित कर कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। हालांकि इनमें से सुबोध अग्रवाल सामने आ गए है, जबकि बाकी तीन आरोपी अब भी फरार हैं। दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद और मुंबई में छिपने के मिले थे इनपुट, रात को मेडिकल कराया जांच के दौरान सुबोध के दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद और मुंबई में छिपे होने के इनपुट मिले थे। एसीबी ने इन ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आए। गुरुवार रात एसीबी ने अग्रवाल का मेडिकल करवाया और अब आज उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। रिमांड मिलने पर जेजेएम घोटाले और टेंडर प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं के साथ-साथ फरारी के दौरान उसे मदद देने वालों से भी पूछताछ की जाएगी। एसीबी ने विदेश भागने की आशंका के चलते सुबोध अग्रवाल, मुकेश गोयल समेत फरार आरोपियों के खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी करवा दिए थे।