राजस्थान एम्बुलेंस 108 कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को खैरथल-तिजारा जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मुंडावर सीएससी एम्बुलेंस के पायलट कैलाश की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। कैलाश की मौत मकान की छत से गिरने के कारण हुई थी। प्रदेश अध्यक्ष शेखावत जिले के एम्बुलेंस स्टाफ के साथ किशनगढ़बास क्षेत्र के गांव बागोर स्थित मृतक कैलाश के घर पहुंचे। उन्होंने शोक-संतप्त परिवार को सांत्वना दी। इस अवसर पर यूनियन की ओर से अलवर एवं खैरथल-तिजारा जिलों के कर्मचारियों ने मिलकर मृतक परिवार को 71,000 रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की। शेखावत ने परिवार को आश्वस्त किया कि उन्हें सरकारी सेवा से संबंधित सभी लाभ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। मृतक कैलाश वर्ष 2008 से एम्बुलेंस सेवा में कार्यरत थे और अपनी सेवाओं के प्रति समर्पित थे। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश, अलवर जिला अध्यक्ष शीशराम गुर्जर, खैरथल-तिजारा जिला अध्यक्ष अंसार खान, पूर्व जिला अध्यक्ष बलवीर गुर्जर सहित नर्सिंग ऑफिसर रमणदीप, निशांत यादव, रिंकू यादव, पवन सैनी, बलजीत सिंह, अमित यादव, पवन मीणा, राजेश कुमार एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।