डूंगरपुर जिले के आसपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में दो बच्चों सहित 7 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चुंडीयावाड़ा गांव निवासी हितेन्द्र सिंह राठौड़ अपने परिवार के साथ ऑटो से गड़ा सियालिया गांव में रिश्तेदारों से मिलने गए थे। वहां से अपने गांव लौटते समय पूंजपुर मार्ग पर लापिया के पास यह हादसा हुआ। अचानक ऑटो बेकाबू होकर सड़क किनारे लगी बाड़ से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में हितेन्द्र सिंह राठौड़, उनकी माता देवू कुंवर, बेटी झलक और सेजल सहित कुल 7 लोग घायल हुए। घायलों में 2 बच्चे भी शामिल हैं, जबकि तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को ऑटो से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में ऑटो के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण बताया गया है। घायल हितेन्द्र सिंह ने बताया कि ऑटो का संतुलन बिगड़ गया था, जिसके कारण वह सड़क किनारे पलट गया और सभी सवार घायल हो गए।