​कोतवाली थाना क्षेत्र के कडेलिया झरने के पास बीती रात बदमाशों ने सरेराह लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार बदमाशों ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों मां, बेटे और बहू को रोककर उनसे सोने की चेन, चांदी का कंदोरा और नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला करने का प्रयास भी किया। ​देर रात घर लौटते समय हुआ हमला बारी सियातलाई निवासी पीड़ित मुकेश ने बताया कि वह अपनी पत्नी और मां के साथ नौतरे के कार्यक्रम से रात करीब 11 बजे लौट रहा था। तभी रास्ते में एक बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक के आगे अपनी गाड़ी लगाकर खड़ी कर दी। बदमाशों ने पहले मुकेश के हाथ पर लठ से वार किया। जब उसकी पत्नी और मां ने बीच-बचाव करना चाहा, तो एक बदमाश ने उसकी मां के गले पर चाकू अड़ा दिया। और हाथ पर चाकू से वार कर दिया। ​इन सामानों की हुई लूट पीड़ित ने बताया कि बदमाश डरा-धमकाकर ​सोने की चेन, सोने की बजंटी, ​चांदी का कंदोरा बदमाशों ने खींचकर तोड़ लिया और ​करीब 5 हजार रुपये नकद लूट कर फरार हो गए। आभूषणों की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपए बताई जा रही हैं। मुकेश ने बताया कि तीनों बदमाश एक ही बाइक पर थे। उनमें से एक ने सफेद शर्ट और दो ने काली शर्ट पहनी थी, जबकि एक बदमाश ने टोपी लगा रखी थी। वारदात के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।