राजस्थान बार काउंसिल चुनाव के लिए गठित हाईपावर इलेक्शन कमेटी ने 4 मई को पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है। कमेटी की शुक्रवार को हुई 11वीं बैठक में यह फैसला लिया। 22 अप्रैल को अप्रिय घटना होने पर चार पोलिंग बूथों पर मतदान को निरस्त कर दिया गया था। इसके साथ ही कमेटी ने मतदान के दौरान हुई इन घटनाओं की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार इस बार चुनाव के लिए मतदान केंद्र की संख्या बढ़ाने और अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने की तैयारियां भी की जा रही है। कमेटी में इन पहलूओं पर भी मंथन किया जा रहा है। इन चार केंद्रों पर सुबह 8 से शाम 5 बजे तक होगा मतदान रिटायर्ड जस्टिस जे.आर. मिधा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जयपुर (हाईकोर्ट), जयपुर (सिविल कोर्ट), जोधपुर और रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर) के मतदान केंद्रों पर 4 मई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक फिर से चुनाव कराए जाएंगे। मतदान के लिए विशेष स्थलों और पोलिंग स्टेशनों की संख्या की घोषणा कमेटी द्वारा अगली बैठक में की जाएगी। अप्रिय घटनाओं की जांच के लिए जयपुर और जोधपुर में होगी बैठक कमेटी ने 22 अप्रैल की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू करने का फैसला लिया है। इस संबंध में कमेटी की पहली बैठक 28 अप्रैल को सुबह 11 बजे जयपुर के लालकोठी स्थित अधिवक्ता भवन (पंकज सिंघवी मार्ग) में आयोजित होगी। इसके बाद 30 अप्रैल को सुबह 11 बजे जोधपुर में भी कमेटी बैठक करेगी। इन बैठकों में संबंधित उम्मीदवार भी उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकेंगे। दो दिन में सहायक रिटर्निंग अधिकारियों से मांगा जवाब हाईपावर इलेक्शन कमेटी ने चारों बूथों के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) को निर्देश दिए हैं कि वे 22 अप्रैल के घटनाक्रम पर दो दिन के भीतर अपना लिखित जवाब रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष पेश करें। रिटर्निंग ऑफिसर इन जवाबों को संकलित कर चुनाव सामग्री, बैलट बॉक्स, बैलट पेपर और वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ एक विस्तृत रिपोर्ट कमेटी को सौंपेंगे। जांच के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर और सभी एआरओ को कमेटी के समक्ष अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा। बैठक में ये रहे उपस्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में चेयरपर्सन जस्टिस जे.आर. मिधा के साथ सदस्य जस्टिस सत्येन वैद्य, जे.के. शर्मा, ऑब्जर्वर जस्टिस मनोज कुमार गर्ग, रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. सचिन आचार्य, सचिव मधुर भूटानी और अतिरिक्त सचिव ऋतिक सेजवाल मौजूद रहे।